125 से अधिक छात्र-छात्राओं का हुआ चयन, कृषि क्षेत्र में देंगे तकनीकी सेवाएं
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के छात्र-छात्राओं ने उत्तर प्रदेश कृषि विभाग द्वारा आयोजित कृषि तकनीकी सहायक भर्ती परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। विश्वविद्यालय के 125 से अधिक छात्र-छात्राओं का चयन कृषि तकनीकी सहायक पद पर हुआ है, जिससे विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
विश्वविद्यालय के सेवायोजन निदेशक डॉ. विजय यादव ने बताया कि उत्तर प्रदेश कृषि विभाग द्वारा कृषि तकनीकी सहायक के 3446 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई थी। इसमें सीएसए, कानपुर के अध्ययनरत 125 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सफलता प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं ने भी बड़ी संख्या में चयन हासिल किया है, जिनका आंकलन किया जा रहा है।
डॉ. विजय यादव ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों की सेवाएं कृषि विभाग के माध्यम से किसानों तक नई कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों तथा उत्पादन संबंधी संसाधनों को पहुंचाने में उपयोग की जाएंगी। इसके साथ ही केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
उन्होंने बताया कि तकनीकी सहायक प्रदेश के विभिन्न कृषि संस्थानों द्वारा विकसित तकनीकों, उन्नत प्रजातियों के प्रदर्शन, प्रजाति परीक्षण तथा फसल प्रबंधन कार्यक्रमों में भी सहयोग करेंगे। साथ ही कीटनाशक, खरपतवारनाशक एवं फफूंदनाशक रसायनों के सुरक्षित एवं वैज्ञानिक उपयोग की जानकारी किसानों तक पहुंचाने का कार्य भी करेंगे।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. खलील खान ने बताया कि कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने चयनित छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में तकनीकी सहायकों की नियुक्ति से प्रदेश में फसल उत्पादन, बागवानी एवं पशुपालन क्षेत्रों में उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिलेगी तथा किसानों की आय एवं आजीविका में भी सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने में भी चयनित तकनीकी सहायकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं की इस उपलब्धि से पूरे परिसर में उत्साह का माहौल है।


