HomeNEWSकेंद्रीय विद्यालय में ‘हमारी किशोरी, हमारी शक्ति’ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

केंद्रीय विद्यालय में ‘हमारी किशोरी, हमारी शक्ति’ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता और सर्वाइकल कैंसर के प्रति छात्राओं को किया जागरूक, विशेषज्ञ डॉक्टर से ऑनलाइन परामर्श की भी मिलेगी सुविधा

  • कृतिका सिंह

बरेली। किशोरियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं महिलाओं से जुड़ी विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से केंद्रीय विद्यालय, उत्तर पूर्व रेलवे, बरेली में शिक्षिका राखी गंगवार के नेतृत्व में ‘हमारी किशोरी, हमारी शक्ति’ अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता, श्वेत प्रदर (लिकोरिया), सर्वाइकल कैंसर, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलावों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को बिना किसी झिझक और संकोच के साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम की एक विशेष पहल के तहत छात्राओं को विशेषज्ञ चिकित्सक से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे बातचीत करने की सुविधा के बारे में भी बताया गया। इसके जरिए छात्राएं अपनी व्यक्तिगत एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर चिकित्सकीय परामर्श और उचित मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगी।

इस जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं एवं प्रश्न रखे। इस अवसर पर शिक्षिका कंचन रावत, विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित समस्त शिक्षकगण मौजूद रहे। विद्यालय परिवार की ओर से शिक्षिका राखी गंगवार का ग्रीन प्लांट भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

इस अवसर पर राखी गंगवार ने कहा कि किशोरियों को सही उम्र में स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बेटी जानकारी के अभाव, झिझक या सामाजिक संकोच के कारण अपने स्वास्थ्य की अनदेखी न करे। उन्होंने कहा कि स्वस्थ किशोरी ही स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की नींव है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments