NEWS

क्रिकेटर अमित मिश्रा पर पत्नी के गंभीर आरोप, कानपुर कोर्ट में दायर किया केस

  • ऋषभ कुमार

कानपुर नगर। कानपुर की मॉडल गरिमा तिवारी ने अपने पति और क्रिकेटर अमित मिश्रा तथा उनके परिवार पर घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में गरिमा तिवारी ने कानपुर की अदालत में मामला दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

कौन हैं गरिमा तिवारी

गरिमा तिवारी कानपुर के बिरहाना रोड क्षेत्र की रहने वाली एक प्रोफेशनल मॉडल हैं। उनकी उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। वह लंबे समय से मॉडलिंग के क्षेत्र में सक्रिय रहीं और फैशन शो, फोटोशूट तथा ब्रांड प्रमोशन के जरिए अपनी आजीविका चलाती थीं।

गरिमा के अनुसार उनकी मुलाकात वर्ष 2019 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से अमित मिश्रा से हुई थी। बातचीत के बाद दोनों के बीच करीब ढाई से तीन साल तक संबंध रहे, जिसके बाद 26 अप्रैल 2021 को कानपुर क्लब में दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया।

शादी के बाद प्रताड़ना का आरोप

गरिमा तिवारी का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही उनके साथ शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना शुरू हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज के लिए मारपीट की गई, कई बार उन्हें भूखा रखा गया और बीमारी के दौरान भी जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति के कई अन्य महिलाओं से संबंध हैं और वे उनके सामने ही अन्य लड़कियों से फोन पर बातचीत और चैट करते थे। गरिमा का कहना है कि उनकी मॉडलिंग से होने वाली कमाई पर भी पति ने कब्जा कर लिया, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई।

कोर्ट में की यह मांग

गरिमा तिवारी ने अतिरिक्त सिविल जज की अदालत में याचिका दाखिल करते हुए 1 करोड़ रुपये हर्जाने की मांग की है। इसके अलावा उन्होंने प्रति माह 50 हजार रुपये भत्ता, अपने गहने वापस दिलाने और पति के घर में रहने का अधिकार देने की मांग भी की है।

गरिमा का कहना है कि उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई। पुलिस कमिश्नर से शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर उन्हें कोर्ट का सहारा लेना पड़ा।

बताया जा रहा है कि गरिमा तिवारी अब तक अमित मिश्रा के खिलाफ तीन मामले दर्ज करा चुकी हैं। फिलहाल मामला अदालत में विचाराधीन है।

Related Articles

Back to top button