गाजियाबाद में ईद को लेकर सुरक्षा कड़ी, एसीपी ने किया निरीक्षण


ईदगाहों व मस्जिदों पर पुलिस अलर्ट, शांति बनाए रखने की अपील
- आशा चौधरी
गाजियाबाद। ईद-उल-फितर पर्व के मद्देनज़र गाजियाबाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली नगर उपासना पाण्डेय ने थाना विजयनगर पुलिस बल के साथ क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने ईदगाहों और मस्जिदों का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। साथ ही स्थानीय लोगों से संवाद कर सुरक्षा को लेकर भरोसा दिलाया और शांति बनाए रखने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर नजर बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि ईद का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो सके।


