गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर जीटीबी अस्पताल में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन

- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर अवध स्मृति संस्थान, जीटीबी अस्पताल, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और रोटरी क्लब उत्तर के संयुक्त तत्वावधान में जीटीबी अस्पताल परिसर में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

इस प्रेरणादायी मौके पर बड़ी संख्या में समाजसेवकों, युवाओं, स्वयंसेवकों और जागरूक नागरिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा और दया-भाव का श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद रमेश अवस्थी ने रक्तदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का संपूर्ण जीवन बलिदान, मानवता और राष्ट्रधर्म की मिसाल है। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल दान नहीं, बल्कि किसी जीवन को बचाने का पवित्र संकल्प है।

कार्यक्रम में अवध स्मृति संस्थान के अध्यक्ष प्रवीण कुमार शुक्ल, डॉ. दीपक श्रीवास्तव, पवन शुक्ल, हरविंदर सिंह लार्ड, डॉ. नंदिनी रस्तोगी, मयंक गुप्ता, निशांत बढेरा, सुखविंदर सिंह लाडी, जसवीर सिंह भाटिया, नरेंद्र यादव समेत कई विशिष्ठ जन उपस्थित रहे।
शिविर में रक्तदान करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं धन्यवाद पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने आगे भी स्वास्थ्य और जनसेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन करने का संकल्प व्यक्त किया।



