
पूर्व सभापति अजय कपूर एवं समाजसेविका रमन कपूर ने किया उद्घाटन, क्लब को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। गैंजेस क्लब में नवनिर्मित अत्याधुनिक ‘उत्सव पार्टी हॉल’ का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में लोक लेखा समिति के पूर्व सभापति अजय कपूर एवं समाजसेविका श्रीमती रमन कपूर के साथ चेयरमैन, कोऑपरेटिव एस्टेट, दादा नगर, कानपुर विजय कपूर ने फीता काटकर एवं शिलापट का अनावरण कर नए पार्टी हॉल का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विजय कपूर ने कहा कि यह केवल एक नए पार्टी हॉल का शुभारंभ नहीं है, बल्कि गैंजेस क्लब को और अधिक आधुनिक, सुविधाजनक एवं विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि क्लब को उत्कृष्ट सुविधाओं, श्रेष्ठ परंपराओं और आधुनिक सोच के साथ भारत का नंबर-1 विश्वस्तरीय क्लब बनाने का संकल्प लिया गया है।
उन्होंने कहा कि इस संकल्प को साकार करने के लिए वह स्वयं और क्लब के सभी सम्मानित सदस्य निरंतर पूरे समर्पण एवं उत्साह के साथ प्रयास कर रहे हैं। नवनिर्मित ‘उत्सव पार्टी हॉल’ क्लब के सदस्यों को आधुनिक सुविधाओं के साथ सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में सुरेश पुरी, नवीन मल्होत्रा, अरुण वाधवा, कार्तिक कपूर, मोहित अवस्थी, एडवोकेट महेश माखीजा, गोपाल सदाना, प्रेम राज, सुरेश गोयल, समनदीप सिंह, मयंक विज सहित अनेक सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।
सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति ने उद्घाटन समारोह को भव्य और यादगार बना दिया। क्लब प्रबंधन ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।


