HomeNEWSगैस किल्लत को लेकर अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला

गैस किल्लत को लेकर अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला

  • अखिलेश कुमार अग्रहरि

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गैस की कथित कमी को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा यह दावा कर रही है कि गैस की कोई कमी नहीं है, तो फिर विश्व की सबसे बड़ी पार्टी कहने वाले उसके मंत्री, सांसद, विधायक, पार्षद और करोड़ों कार्यकर्ता जनता के बीच क्यों नहीं दिखाई दे रहे हैं।

अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा नेताओं को भूमिगत ठिकानों से बाहर आकर जनता के बीच जाना चाहिए और गैस एजेंसियों से लोगों को गैस उपलब्ध करानी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब जनता को भाजपा नेताओं के घरों, कार्यालयों या प्रतिष्ठानों का घेराव करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि जैसे-जैसे किल्लत बढ़ती है, भाजपा उतना ही उसे नकारने का झूठ फैलाती है। उन्होंने कोरोना काल का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय ऑक्सीजन गैस की कमी को लेकर भी इसी तरह के हालात रहे। आज रसोई गैस, अन्य गैस या खाद की कमी के मुद्दे पर भी भाजपा का रवैया वैसा ही है।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा आपदा के समय भी कालाबाजारी को बढ़ावा देने वाले हालात पैदा कर देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा की गलतियों का खामियाजा आम जनता क्यों भुगते। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी भाजपा और सेवा का दावा करने वाले लोग यदि सच में जनता की चिंता करते हैं तो भूख से परेशान लोगों के लिए मुफ्त भोजनालय चलाएं, अन्यथा जनता के सामने आने से बचें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments