विधायक सुरेंद्र मैथानी ने विभिन्न विकास कार्यों का किया भूमिपूजन, सड़क निर्माण और पेयजल सुविधा से क्षेत्रवासियों को मिलेगी राहत
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-57 (पनकी) में विकास कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए विधायक सुरेंद्र मैथानी और वार्ड पार्षद आरती त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से कुल 16.26 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन किया।
भूमिपूजन के दौरान पनकी स्थित एसबीआई चौराहे से 90 मीटर तक सड़क निर्माण, पनकी में नूनियनपुरवा वाली सड़क के निर्माण तथा नूनियनपुरवा क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान के लिए नए समरसेबल पंप की स्थापना का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक हिस्से का चहुंमुखी विकास और जनता को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, वहीं समरसेबल पंप की स्थापना से स्थानीय निवासियों को पेयजल समस्या से राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि क्षेत्रवासियों को सड़क, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं बेहतर रूप में उपलब्ध हो सकें।
कार्यक्रम में विधायक सुरेंद्र मैथानी, पार्षद आरती त्रिपाठी, जीतू बाजपेई, मंडल अध्यक्ष विजय पटेल, पवन सविता, चंद्रमणि चौबे, मकसूदन, अश्वनी पाल, विकास, राजेश सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


