घाटमपुर तहसील में विशेष शिविर, 47 दिव्यांगजनों को मौके पर जारी हुए प्रमाण पत्र

- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। तहसील घाटमपुर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना था।
शिविर के दौरान दिव्यांग बोर्ड के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा 71 दिव्यांगजनों का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया। इनमें से 47 दिव्यांगजनों को मौके पर ही दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए, जबकि 20 मामलों को विस्तृत जांच के लिए रेफर किया गया। वहीं चार आवेदनों को निर्धारित मानकों के अनुरूप न होने के कारण निरस्त कर दिया गया। जिलाधिकारी ने पात्र दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विनय कुमार उत्तम ने बताया कि शिविर के दौरान चार दिव्यांगजनों का दिव्यांग पेंशन के लिए पंजीकरण किया गया। इसके अलावा सात दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए पंजीकृत किया गया, जबकि एक दिव्यांगजन को दुकान निर्माण एवं संचालन योजना के अंतर्गत पंजीकृत किया गया। दो दिव्यांगजनों के आय प्रमाण पत्र भी जारी किए गए तथा चार दिव्यांगजनों के बैंक खातों को एनपीसीआई से लिंक कराया गया।
उन्होंने बताया कि शिविर में चिकित्सा विभाग, पूर्ति विभाग, राजस्व विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, समाज कल्याण विभाग, प्रोबेशन विभाग और श्रम विभाग सहित कई विभागों ने भागीदारी कर दिव्यांगजनों को आवश्यक जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराईं।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, उपजिलाधिकारी घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त घाटमपुर, तहसीलदार घाटमपुर सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।



