घाटमपुर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस, 228 शिकायतें आईं; 22 का मौके पर निस्तारण

जिलाधिकारी ने शेष मामलों के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासनादेश के अनुसार सात दिन की निर्धारित समयावधि के भीतर सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील घाटमपुर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। समाधान दिवस में कुल 228 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 22 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने शेष मामलों के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासनादेश के अनुसार सात दिन की निर्धारित समयावधि के भीतर सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक प्रकरण की निगरानी वह स्वयं करेंगे। इस दौरान घाटमपुर विधायक सरोज कुरील भी उपस्थित रहीं।
समाधान दिवस के दौरान कई मामलों में तत्काल राहत प्रदान की गई। ग्राम पहेवा निवासी रेनू के राशन कार्ड के लिए दिए गए प्रार्थना पत्र पर तुरंत कार्रवाई करते हुए नया राशन कार्ड जारी कर दिया गया। वहीं ग्राम हुसंगापुर मजरा चंवर निवासी सेवालाल की खतौनी में नाम की त्रुटि को सुधारते हुए उन्हें संशोधित खतौनी की छायाप्रति उपलब्ध कराई गई।
ग्राम गुजेला निवासी नरेंद्र सिंह समेत अन्य के वरासत दर्ज कराने के प्रकरण का भी मौके पर निस्तारण किया गया। ग्राम कैथा निवासी उमेश के नाम संशोधन संबंधी आवेदन पर जांच आख्या संबंधित पटल को भेजी गई, जिस पर प्रार्थी ने संतोष व्यक्त किया।
कस्बा घाटमपुर के शास्त्री नगर निवासी रघुराज के राशन कार्ड में मुखिया परिवर्तन का मामला भी मौके पर निस्तारित किया गया। कमालपुर निवासी क्षमता देवी के अंत्योदय कार्ड में यूनिट बढ़ाने के अनुरोध को स्वीकार करते हुए आवश्यक संशोधन किया गया। वहीं स्योंदीललईपुर निवासी जगदम्बा प्रसाद और तहरापुर निवासी शिवनाथ की अवैध कब्जे की शिकायत पर तत्काल राजस्व टीम भेजकर कार्रवाई कराई गई।
इसके अलावा कई अन्य मामलों में नाम संशोधन से संबंधित प्रार्थना पत्रों पर आवश्यक जांच के लिए संबंधित पटल को भेजा गया। घाटमपुर निवासी शकुंतला द्वारा उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन की मांग पर संबंधित विभाग को शीघ्र कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, जिस पर प्रार्थिनी ने संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, उपजिलाधिकारी घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



