हेलीकॉप्टर बुकिंग और VIP दर्शन के नाम पर ठगी, सरकार ने जारी की विशेष गाइडलाइन
- समय टुडे डेस्क।
चारधाम यात्रा शुरू होते ही साइबर ठग भी सक्रिय हो गए हैं। श्रद्धालुओं की आस्था का फायदा उठाकर ठगी के कई मामले सामने आने के बाद सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए 225 फर्जी लिंक और वेबसाइट पर कार्रवाई की है।
एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह के मुताबिक, यात्रा के शुरुआती दिनों में ही 225 फर्जी वेबसाइट और लिंक ब्लॉक किए गए हैं। इसके अलावा 65 मोबाइल नंबर, व्हाट्सएप अकाउंट और 12 बैंक खातों को भी बंद कराया गया है।
ठगी का तरीका क्या है?
साइबर अपराधी हेलीकॉप्टर बुकिंग, VIP दर्शन और पूजा बुकिंग के नाम पर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ठग खुद को स्थानीय ट्रैवल एजेंट बताकर फर्जी वेबसाइट, इंस्टाग्राम पेज और व्हाट्सएप प्रोफाइल तैयार करते हैं। कई मामलों में उत्तराखंड के लोगों के आईडी का भी दुरुपयोग किया जा रहा है।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
साल 2025 में पूरे यात्रा सीजन के दौरान 156 वेबसाइट-पेज, 117 मोबाइल नंबर, 35 व्हाट्सएप अकाउंट और 126 बैंक खातों पर कार्रवाई की गई थी। वहीं 2024 में 80 वेबसाइट और 24 पेज ब्लॉक किए गए थे और 55 बैंक खाते सीज हुए थे।
शिकायत कहां करें?
चारधाम यात्रा के दौरान साइबर ठगी की शिकायत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराई जा सकती है। इसके अलावा देहरादून साइबर थाने के फोन नंबर 01352655900 या ईमेल के जरिए भी शिकायत दर्ज की जा सकती है।
सरकार की सख्त गाइडलाइन जारी
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यात्रा से जुड़ी भ्रामक जानकारी, फर्जी संदेश या वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट या शेयर करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पर्यटन विभाग ने चेतावनी दी है कि ऐसी गतिविधियां न केवल श्रद्धालुओं को गुमराह करती हैं, बल्कि सार्वजनिक व्यवस्था पर भी असर डालती हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी बुकिंग या सेवा के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट और सत्यापित स्रोतों का ही इस्तेमाल करें।


