फीकी चाय पीकर कांग्रेसजनों ने जताया विरोध, प्रधानमंत्री को ईमेल भेजकर कीमतों पर तत्काल नियंत्रण की मांग
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। चीनी की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को तिलक हाल में अनूठे लेकिन तीखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने बिना चीनी की फीकी चाय पीकर केंद्र सरकार की महंगाई संबंधी नीतियों के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ईमेल के माध्यम से पत्र भेजकर चीनी की बढ़ती कीमतों पर तत्काल नियंत्रण लगाने की मांग की गई।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि त्योहारी सीजन में चीनी के बढ़ते दामों ने आम लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं और मिठाई का स्वाद भी फीका कर दिया है। उन्होंने कहा कि जिस चीनी के बिना आम आदमी की सुबह की चाय अधूरी मानी जाती थी, आज उसी चीनी की बढ़ती कीमतें लोगों के घरेलू बजट को प्रभावित कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में चीनी के खुदरा दाम 70 रुपये प्रति किलो या उससे अधिक तक पहुंचने की खबरें सामने आ रही हैं। यह केवल चीनी की कीमत बढ़ने का मामला नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर आम परिवार की रसोई और घरेलू बजट पर पड़ रहा है। बारावफात, रक्षाबंधन और अन्य त्योहारों में मिठाई की कीमतों पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है।
पवन गुप्ता ने कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन बाजार में आम आदमी की थाली और रसोई लगातार महंगी होती जा रही है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि चीनी के दाम लगातार क्यों बढ़ रहे हैं और आम जनता को राहत देने के लिए तत्काल क्या कदम उठाए जा रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से आम परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में सरकार को बाजार में बढ़ती कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
इस अवसर पर विजय त्रिवेदी, हरप्रकाश अग्निहोत्री, निजामुद्दीन खान, राकेश साहू, पदम मिश्रा, अमित मिश्रा, शीलू श्रीवास्तव, विश्वनाथ जायसवाल, आशुतोष शुक्ला सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


