HomeNEWSजंतर-मंतर आंदोलन को लेकर डिंपल यादव का केंद्र सरकार पर निशाना, शिक्षा...

जंतर-मंतर आंदोलन को लेकर डिंपल यादव का केंद्र सरकार पर निशाना, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

नीट पेपर लीक पर सपा का हमला, NTA को भंग करने और छात्रों पर लाठीचार्ज की जांच की उठाई मांग

  • नेहा पाठक

नई दिल्ली। नीट पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी छात्र आंदोलन के बीच समाजवादी पार्टी की मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में छात्रों के हित में काम करना चाहती है तो राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को समाप्त करे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दें।

डिंपल यादव ने कहा कि सरकार छात्रों के मुद्दों को समाप्त करना चाहती है, जबकि देशभर से परीक्षा प्रणाली को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि देश के कई शहरों में छात्र विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके अनुसार शिक्षा मंत्री को नैतिक आधार पर इस्तीफा देना चाहिए और परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार किए जाने चाहिए।

इस बीच समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अमीक जामेई ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि देश में “डबल इंजन” की सरकार है तो परीक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों और विदेशी हस्तक्षेप के आरोपों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।

गौरतलब है कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने का मामला राजनीतिक मुद्दा बन गया है। इस घटना में कई छात्रों के घायल होने का दावा किया गया। विपक्षी दलों ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए सरकार से जवाब मांगा है। आंदोलन के दौरान डिंपल यादव सहित कई विपक्षी सांसद जंतर-मंतर पहुंचे थे और छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन में शामिल हुए थे।

संसद के भीतर भी विपक्ष इस मुद्दे को उठाने का प्रयास कर रहा है, हालांकि लगातार हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही प्रभावित हो रही है।

उधर, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल समाप्त होने के बाद भी छात्र संगठन अपने आंदोलन पर कायम हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, परीक्षा प्रणाली में सुधार तथा छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments