HomeNEWSजनहित के मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी का प्रदर्शन, राज्यपाल को सौंपा...

जनहित के मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी का प्रदर्शन, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

सपा नेत्री पूजा शुक्ला के नेतृत्व में महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और जनसुविधाओं को लेकर उठी बुलंद आवाज

  • शालिनी शर्मा

लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने लखनऊ महानगर अध्यक्ष फाखिर सिद्दीकी के नेतृत्व में राजधानी की जनता से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया तथा जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सपा की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी पूजा शुक्ला ने जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार से तत्काल समाधान की मांग की।

पूजा शुक्ला ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था, महंगी शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता की आवाज बनकर उनके अधिकारों और समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष कर रही है।

ज्ञापन में पेट्रोल एवं डीजल की बढ़ती कीमतों को कम करने, घरेलू एवं कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम घटाने, घरेलू और व्यावसायिक बिजली दरों में कटौती, नगर निगम के गृहकर एवं जलकर की बढ़ी हुई दरों को वापस लेने की मांग की गई। इसके साथ ही महिलाओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, लखनऊ की ध्वस्त यातायात व्यवस्था को सुधारने, सरकारी अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, पर्याप्त दवाइयां और चिकित्सक उपलब्ध कराने तथा नए आधुनिक अस्पताल स्थापित करने की मांग भी उठाई गई।

सपा नेताओं ने बच्चों के लिए सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, आरटीई कानून का सख्ती से पालन कराने, पीडीए (पिछड़ा, दलित एवं अल्पसंख्यक) वर्ग की आरक्षित सीटों की कथित लूट रोकने, प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने तथा बढ़ती बेरोजगारी को रोकते हुए रिक्त सरकारी पदों पर तत्काल भर्ती की मांग की।

ज्ञापन में अकबरनगर के विस्थापित परिवारों को राहत देने, कैसरबाग बस स्टेशन को शहर के बाहर स्थानांतरित करने, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, सीवर एवं कूड़ा निस्तारण की समस्याओं का समाधान करने तथा सड़कों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने की मांग भी शामिल रही।

इस अवसर पर विधायक रविदास मेहरोत्रा, विधायक अरमान खान, पूर्व एमएलसी डॉ. मधु गुप्ता, पूर्व मंत्री फिदा हुसैन अंसारी, महानगर महासचिव गौरव सिंह यादव, पूर्व मंत्री राम सिंह राणा, राष्ट्रीय प्रवक्ता दीपक रंजन, अभिषेक बाजपेयी, फखरूल हसन चांद, नाहिद लारी, व्यापारी नेता पवन मनोचा, यामीन खान, प्रेम प्रकाश वर्मा, पायल सिंह, प्रो. अंशू केडिया, अनीस राजा, ताज खान, प्रदीप शर्मा, विद्या यादव, प्रदीप कनौजिया, अनीस अहमद लारी, जितेन्द्र सिंह यादव ‘जीतू’, इरशाद अहमद गुड्डू, पूजा शुक्ला भसीन सहित बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पूजा शुक्ला ने कहा कि जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनहित के मुद्दों को मजबूती के साथ उठाती रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments