
अखिलेश यादव से की मुलाकात, ब्राह्मण समाज की भागीदारी बढ़ाने पर रहा जोर
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में पार्टी ने ब्राह्मण समाज के बीच जनसंपर्क अभियान को मजबूत करने की रणनीति पर काम शुरू किया है। शुक्रवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में बुंदेलखंड के वरिष्ठ नेता दीपू त्रिपाठी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की।
बैठक में आगामी 5 अगस्त को समाजवादी विचारक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जनेश्वर मिश्र की जयंती को भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से मनाने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में प्रदेशभर से ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई।
दीपू त्रिपाठी ने कहा कि जनेश्वर मिश्र के विचार सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों की प्रेरणा हैं। उन्होंने बुंदेलखंड सहित पूरे प्रदेश के ब्राह्मण समाज से 5 अगस्त को आयोजित जयंती कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है और ब्राह्मण समाज की सक्रिय भागीदारी संगठन को और अधिक मजबूत बनाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता पार्टी के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।
बैठक में संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान तथा जनेश्वर मिश्र जयंती समारोह को सफल बनाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। दीपू त्रिपाठी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया।


