छह बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और समग्र विकास को ध्यान में रखकर बनाई गई व्यक्तिगत देखभाल योजना
- अमित तिवारी
सिद्धार्थनगर। जिला कारागार सिद्धार्थनगर में निरुद्ध महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों के सर्वांगीण विकास, संरक्षण एवं बेहतर भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से छह बच्चों के लिए इंडिविजुअल चाइल्ड केयर प्लान (आईसीसीपी) तैयार किया गया। इस पहल का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे की स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, सुरक्षा एवं भावनात्मक आवश्यकताओं का आकलन कर उनके लिए व्यक्तिगत देखभाल योजना विकसित करना है।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय सिंह तथा जेल अधीक्षक सचिन वर्मा की उपस्थिति में बच्चों की वर्तमान स्थिति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों ने प्रत्येक बच्चे की आवश्यकताओं का परीक्षण करते हुए उनके समुचित विकास को ध्यान में रखकर अलग-अलग चाइल्ड केयर प्लान तैयार किए, ताकि उन्हें उनकी जरूरतों के अनुरूप सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
कार्यक्रम के दौरान शहर परियोजना की मुख्य सेविका रुचि पांडेय एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री चरणजीत कौर ने महिला बंदियों और उनके बच्चों को एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही पात्र धात्री महिलाओं को उपलब्ध कराए जाने वाले दूध, दलिया एवं अन्य पूरक पोषण आहार संबंधी जानकारी भी साझा की गई।
अधिकारियों ने बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, समयबद्ध टीकाकरण, पोषण स्तर में सुधार तथा प्रारंभिक शिक्षा पर विशेष ध्यान दिए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कारागार में रह रहे बच्चों के समुचित विकास और सुरक्षित भविष्य के लिए सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।
कार्यक्रम में डिप्टी जेलर मुकेश प्रकाश, महेश सिंह एवं अजीत चंद सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


