- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। जुम्मा नमाज को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने थाना रावतपुर क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों, मस्जिदों के आसपास तथा मुख्य मार्गों का निरीक्षण किया और सुरक्षा इंतजामों की स्थिति का आकलन किया। गश्त के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने के निर्देश दिए गए।
डीसीपी पश्चिम ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत कर क्षेत्र में आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।


