- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। दिनांक 30 जनवरी 2026 को जुम्मे की नमाज एवं गुरु रविदास जयंती के अवसर पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक/संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था श्री आशुतोष कुमार द्वारा सद्भावना चौकी तथा उसके आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त सेंट्रल श्री अतुल श्रीवास्तव, सहायक पुलिस आयुक्त सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा मौके पर तैनात पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, गश्त व्यवस्था एवं निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया गया।
अपर पुलिस महानिदेशक श्री आशुतोष कुमार ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को शांति व्यवस्था बनाए रखने, पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस प्रशासन द्वारा आमजन से भी सहयोग की अपील की गई तथा कहा गया कि पर्व एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी रूप से निपटा जा सके।


