17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा महीनेभर का अभियान, गांवों और शहरों में जनभागीदारी से होंगे सेवा एवं जनकल्याण के कार्यक्रम; CDO ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
- अमित कुमार
झांसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से झांसी जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। महीनेभर चलने वाले इस अभियान के तहत जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विभिन्न जनसेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी (CDO) रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने विकास भवन में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने संबंधित विभागों को अभियान को केवल सरकारी औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा कि अभियान के दौरान प्रत्येक स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारियां गंभीरता से निभाने और निर्धारित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
17 सितंबर को होगा ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर विशेष कार्यक्रमों के साथ होगी। इस दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। साथ ही दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
गांव-गांव लगेंगे आरोग्य मेले
अभियान के तहत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों और नगर निकायों में आरोग्य मेले, रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर रहेगा।
7 अक्टूबर को निकलेगी ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’
अभियान के दौरान 7 अक्टूबर को भव्य ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ निकाली जाएगी। इस दौरान बड़ी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी लोगों को दिखाया जाएगा।
प्रशासन की ओर से अभियान के सभी कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने के लिए विभागवार जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि योजनाओं और जनकल्याणकारी गतिविधियों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए तथा अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाया जाए।
एक महीने तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को विकास की प्रक्रिया से जोड़ना है।


