महाशिवरात्रि महोत्सव को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट, बिठूर के प्रमुख घाटों व मंदिरों का निरीक्षण

- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। आगामी महाशिवरात्रि महोत्सव के दृष्टिगत दिनांक 13 फरवरी 2026 को पुलिस उपायुक्त पश्चिम, श्री एस.एम. कासिम आबिदी द्वारा थाना बिठूर क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों और घाटों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान ब्रह्मघाट, पत्थर घाट, गंगापुल तथा वनखंडेश्वर महादेव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया गया। इस दौरान ड्यूटी प्वाइंट, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
पुलिस उपायुक्त ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों व पुलिस कर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाए रखने तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए, ताकि महाशिवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।



