दवा वितरण, प्रसव सेवाओं, ओपीडी, प्रयोगशाला और साफ-सफाई व्यवस्था का लिया जायजा; मरीजों को समय से आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
- अमित कुमार
झांसी। जनपद झांसी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने विकासखंड चिरगांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बघैरा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने दवा वितरण कक्ष, प्रसव कक्ष, प्रयोगशाला, ओपीडी सहित स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
दवा भंडार के निरीक्षण में एंटी स्नेक वेनम की 21 वायल और एंटी रेबीज वैक्सीन की 23 वायल उपलब्ध पाई गईं। सीएमओ ने निर्देश दिए कि मरीजों को आवश्यक दवाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही दवा वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
प्रसव सेवाओं की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि पीएचसी बघैरा में प्रतिमाह लगभग 60 से 70 प्रसव कराए जा रहे हैं। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने तथा गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप जादौन और लैब टेक्नीशियन दीक्षा कुशवाहा अनुपस्थित पाए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने दोनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी ने सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को समय से अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहने तथा शासन की मंशा के अनुरूप मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एआरओ आर.एम. मौर्या भी उपस्थित रहे।


