डिजिटल फ्रॉड से बचाव के लिए 9 से 15 मार्च तक डिजिटल भुगतान जागरूकता सप्ताह

- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। डिजिटल लेन-देन को सुरक्षित बनाने और लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाने के उद्देश्य से जनपद में 9 से 15 मार्च तक डिजिटल भुगतान जागरूकता सप्ताह मनाया जाएगा। भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत विभिन्न बैंक और वित्तीय संस्थान लोगों को जागरूक करने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
लीड बैंक मैनेजर आदित्य चंद्रा ने बताया कि रिजर्व बैंक के ‘हर पेमेंट डिजिटल’ अभियान के अंतर्गत यह जागरूकता सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आमजन को डिजिटल भुगतान के लाभों के साथ-साथ उसके सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के बारे में जानकारी देना है। इस वर्ष अभियान का मुख्य संदेश ‘थोड़ा ध्यान से – सावधान रहें, अलर्ट रहें’ रखा गया है, जिसके माध्यम से लोगों को डिजिटल लेन-देन करते समय सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान बैंक शाखाओं, बाजारों, शिक्षण संस्थानों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर गोष्ठियां, जागरूकता कार्यक्रम और जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को यह जानकारी दी जाएगी कि भुगतान प्राप्त करने के लिए किसी को भी क्यूआर कोड स्कैन करने या पिन दर्ज करने की आवश्यकता नहीं होती।

इसके अलावा लोगों को ओटीपी, पिन और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करने तथा आकर्षक ऑफरों के नाम पर होने वाली ठगी से सतर्क रहने की सलाह भी दी जाएगी।
आदित्य चंद्रा ने कहा कि डिजिटल भुगतान करते समय राशि और प्राप्तकर्ता के नाम की दोबारा जांच करना बेहद जरूरी है। थोड़ी सी सावधानी बरतकर ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचा जा सकता है। उन्होंने जनपदवासियों से सुरक्षित डिजिटल भुगतान अपनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित बैंक या प्राधिकरण को देने की अपील की।



