
पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं से किया संवाद, महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति किया जागरूक
- आशीष तिवारी
कानपुर देहात। कानपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक यमुना प्रसाद ने कस्बा राजपुर में आयोजित दुर्गा पूजा कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने दुर्गा पूजा पंडाल की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति की कामना की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें महिला हेल्पलाइन नंबरों और पुलिस सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी समस्या या आपात स्थिति में पुलिस की मदद कैसे प्राप्त की जा सकती है। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।

इसके बाद डीआईजी यमुना प्रसाद ने कस्बा राजपुर में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। उन्होंने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। पैदल गश्त के दौरान आमजन से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।
पुलिस अधिकारियों की इस पहल का उद्देश्य दुर्गा पूजा सहित त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करना है।


