डीजीपी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की कानून-व्यवस्था और त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा

- अनुराधा सिंह
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में आगामी पर्व एवं त्योहारों की तैयारियों और कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जनसुनवाई, ई-साक्ष्य और ई-सम्मन की प्रगति के साथ-साथ सीसीटीएनएस में 60 और 90 दिनों से लंबित विवेचनाओं की स्थिति पर भी चर्चा की गई।

समीक्षा बैठक के दौरान यक्ष ऐप पर डाटा फीडिंग, जीएसटी टैक्स चोरी से जुड़े मामलों की विवेचना की प्रगति, एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-ई/68-एफ और पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही ऑपरेशन दहन अभियान के तहत चल रही गतिविधियों का भी जायजा लिया गया।
बैठक में Zero Fatality District अभियान के तहत सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी रणनीति बनाने पर जोर दिया गया। इसके अलावा बजट व्यय की वर्तमान स्थिति, नई न्याय संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रस्तावित 16 हजार टैबलेट की खरीद की प्रगति और सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में प्रदेश के थानों में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

साथ ही 60 हजार प्रशिक्षु आरक्षियों के भौतिक व्यवस्थापन, प्रशिक्षण और तैनाती से जुड़ी व्यवस्थाओं तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पुलिस की त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा गोष्ठी के दौरान एडीजी जोन कानपुर आलोक सिंह ने जोन के अंतर्गत आने वाले जनपदों में कानून-व्यवस्था की वर्तमान स्थिति, विभिन्न अभियानों की प्रगति तथा शासन और पुलिस मुख्यालय द्वारा निर्धारित प्राथमिकताओं के अनुपालन में की जा रही कार्यवाहियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जोन स्तर पर विभिन्न विभागों के समन्वय से प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।



