रियल टाइम ट्रैफिक मॉनिटरिंग के साथ दबाव वाले स्थानों पर विशेष निगरानी के निर्देश, एंबुलेंस के लिए ग्रीन कॉरिडोर व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार द्वारा इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) तथा ग्रीन कॉरिडोर सेल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस समन्वय की स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस उपायुक्त ने ICCC में स्थापित विभिन्न मॉनिटरिंग सिस्टम और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से शहर के प्रमुख यातायात स्थलों पर रियल टाइम ट्रैफिक मॉनिटरिंग की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने यातायात के दबाव वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने ICCC में तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि यातायात दबाव वाले स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार संबंधित यातायात कर्मियों को तत्काल सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात का संचालन सुचारु रूप से हो सके।
निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों और संबंधित कर्मचारियों को सतर्कता एवं तत्परता के साथ कार्य करने तथा ICCC के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी एवं प्रभावी समन्वय पर विशेष जोर दिया।
इसके बाद पुलिस उपायुक्त ने ग्रीन कॉरिडोर सेल की कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि आपातकालीन परिस्थितियों, विशेषकर गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाने वाली एंबुलेंस और अन्य मरीज वाहनों के निर्बाध एवं त्वरित आवागमन के लिए यातायात एवं स्थानीय पुलिस बल के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए।
उन्होंने कहा कि ग्रीन कॉरिडोर सेल में तैनात सभी कर्मी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का अक्षरशः पालन करें, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को कम से कम समय में अस्पताल पहुंचाया जा सके।
पुलिस उपायुक्त ने आमजन की सुरक्षा और जीवन रक्षक सेवाओं को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की तत्परता बेहद महत्वपूर्ण है।
निरीक्षण के दौरान इंजीनियर राहुल सभरवाल एवं ICCC पुलिस प्रभारी राजीव कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


