HomeNEWSडीसीपी पश्चिम ने चौकी रैकेपुर का किया निरीक्षण, पेट्रोलिंग प्वाइंटों की भी...

डीसीपी पश्चिम ने चौकी रैकेपुर का किया निरीक्षण, पेट्रोलिंग प्वाइंटों की भी परखी व्यवस्थाएं

ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी बरतने के निर्देश, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने पर दिया जोर

  • ऋषभ कुमार

कानपुर नगर। पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस. एम. कासिम आबिदी ने सोमवार देर रात्रि थाना सचेंडी क्षेत्रांतर्गत चौकी रैकेपुर का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं पुलिसिंग व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चौकी परिसर, अभिलेखों, अभिरक्षा व्यवस्थाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के उपरांत डीसीपी पश्चिम ने क्षेत्र में स्थापित पुलिस पेट्रोलिंग एवं गश्त ड्यूटी प्वाइंटों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति, सतर्कता तथा कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए उन्हें पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

श्री कासिम आबिदी ने कहा कि क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए। किसी भी प्रकार की आपराधिक अथवा अप्रिय घटना को रोकने के लिए सक्रिय पुलिसिंग को प्राथमिकता दी जाए तथा प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण एवं आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के लिए प्रभावी गश्त और सतत निगरानी के निर्देश दिए। साथ ही पुलिसकर्मियों को जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के लिए भी प्रेरित किया।

डीसीपी पश्चिम ने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए क्षेत्र में निरंतर निगरानी एवं प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित थाना एवं चौकी स्तर के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments