कोच, रेफरी और खिलाड़ियों की तलाश के साथ स्कूलों में आयोजित होंगी निःशुल्क कार्यशालाएं
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। तीरंदाजी खेल को बढ़ावा देने तथा नए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों, कोच और रेफरी की खोज के लिए जुलाई माह में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत स्कूल स्तर पर निःशुल्क कार्यशालाओं का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे युवाओं को इस खेल से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
जिला आर्चरी एसोसिएशन के सचिव राजा भरत अवस्थी ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में लखनऊ स्थित राज्यकर भवन में आयोजित बैठक में तीरंदाजी खेल के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में नए कोच, रेफरी एवं खिलाड़ियों की खोज के लिए विशेष अभियान चलाने पर सहमति बनी।
उन्होंने बताया कि जुलाई माह में नगर के एक दर्जन से अधिक विद्यालयों में निःशुल्क कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यशालाओं के माध्यम से छात्रों को तीरंदाजी खेल की बारीकियों, नियमों एवं तकनीकों की जानकारी दी जाएगी, जिससे अधिक से अधिक युवा इस खेल की ओर आकर्षित हो सकें।
राजा भरत अवस्थी ने बताया कि खिलाड़ियों के लिए रैंकिंग टूर्नामेंट, प्रशिक्षण शिविर एवं विशेष कैंप भी आयोजित किए जाएंगे। अनुभवी कोचों की देखरेख में प्रोफेशनल ट्रेनिंग कैंप लगाए जाएंगे, जिससे उभरते खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने का अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आवश्यक खेल उपकरण उपलब्ध कराने एवं खिलाड़ियों के पंजीकरण की व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
जिला आर्चरी एसोसिएशन का मानना है कि इस पहल से जिले में तीरंदाजी खेल को नई पहचान मिलेगी और अधिक से अधिक युवा इस खेल में अपना भविष्य बना सकेंगे।


