पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने पुलिस बल के साथ विभिन्न क्षेत्रों में किया भ्रमण, नियमित गश्त और वाहन चेकिंग के दिए निर्देश
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानपुर कमिश्नरेट के पश्चिम जोन में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस ने पैदल गश्त की। 15 अक्टूबर 2026 को पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने पुलिस बल के साथ पश्चिम जोन के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस उपायुक्त ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखने और आवश्यकतानुसार वाहनों की चेकिंग करने पर जोर दिया।

इसके साथ ही त्योहारों के दौरान आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस बल को प्रमुख मार्गों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्क रहकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
पुलिस का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना, नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करना है।


