अतुल कुमार श्रीवास्तव ने जनसुनवाई, अपराध नियंत्रण और संवेदनशील पुलिसिंग पर दिए निर्देश
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। दिनांक 25 मई 2026 को अतुल कुमार श्रीवास्तव द्वारा थाना स्वरूपनगर का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय अभिलेखों के रख-रखाव, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्पलाइन डेस्क, पुलिस बैरक एवं मेस सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया।
इस दौरान थाने पर खड़े मुकदमाती एवं सीजशुदा वाहनों की स्थिति की समीक्षा की गई तथा संबंधित अभिलेखों का निरीक्षण किया गया। साथ ही लंबित विवेचनाओं, प्रार्थना पत्रों और अपराध नियंत्रण संबंधी कार्यों की प्रगति का भी जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के उपरांत पुलिस उपायुक्त सेंट्रल ने थानाध्यक्ष एवं पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले फरियादियों एवं शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील, सम्मानजनक और व्यावसायिक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने रोजनामचा, विवेचना रजिस्टर एवं मालखाना रजिस्टर सहित सभी अभिलेखों को सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने महिला हेल्प डेस्क एवं साइबर हेल्पलाइन डेस्क के प्रभावी संचालन, लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, एनबीडब्ल्यू की तामील तथा अपराध नियंत्रण के लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया।
डीसीपी सेंट्रल ने कहा कि जनविश्वास को मजबूत बनाए रखने के लिए अनुशासन, जवाबदेही और टीमवर्क को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को पारदर्शी एवं संवेदनशील पुलिसिंग सुनिश्चित करते हुए क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश भी दिए।


