सर्वसम्मति से हुआ मनोनयन, कर्मचारी हितों के मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की बैठक में सिंचाई विभाग में कार्यरत दीपेन्द्र सिंह मेट को सर्वसम्मति से परिषद का संयुक्त मंत्री मनोनीत किया गया। बैठक की अध्यक्षता परिषद के जिला अध्यक्ष राजा भरत अवस्थी ने की।
दीपेन्द्र सिंह के मनोनयन पर परिषद के मंडल मंत्री अजय द्विवेदी, जिला मंत्री इंजीनियर कोमल सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रणधीर सिंह यादव, संप्रेक्षक मंजुरानी कुशवाहा, संघर्ष समिति के चेयरमैन सहाब सरताज, कोषाध्यक्ष धर्मेन्द्र अवस्थी और संगठन मंत्री हरीश श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारियों ने खुशी जताई।
परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि दीपेन्द्र सिंह के संयुक्त मंत्री बनने से संगठन को और मजबूती मिलेगी। साथ ही कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष को गति मिलेगी।
इस दौरान जिला अध्यक्ष राजा भरत अवस्थी ने कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी आठवें वेतन आयोग के गठन से पहले डीए मर्ज होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार की ओर से लगातार अनदेखी की जा रही है। इससे कर्मचारियों और शिक्षकों में रोष बढ़ता जा रहा है।
राजा भरत अवस्थी ने पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही कोरोना काल में रोके गए महंगाई भत्ते (डीए) को बहाल किए जाने की मांग की गई।
उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारियों की इन मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो कर्मचारी आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होंगे। परिषद कर्मचारी हितों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगी।


