
नवरात्रि के मद्देनजर विशेष चेकिंग अभियान के तहत पुलिसकर्मियों की ड्यूटी परखी, महिला सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। शारदीय नवरात्रि के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त पश्चिम श्री एस.एम. कासिम आबिदी ने विशेष चेकिंग अभियान में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी का निरीक्षण किया। इसके साथ ही विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों, नवरात्रि कार्यक्रमों और मेला स्थलों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी पश्चिम ने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए भी सतर्कता बरतने पर जोर दिया।
पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे ड्यूटी के दौरान पूरी मुस्तैदी और सतर्कता बनाए रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नवरात्रि के दौरान आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल मिल सके।
पुलिस प्रशासन की ओर से त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम रखने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।


