
तेजी से चल रहा पाइप डालने का कार्य, दो दिनों में जलनिकासी व्यवस्था बहाल होने की उम्मीद
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमिताभ बाजपेई ने धंसे हुए डॉट नाले के मरम्मत कार्य का पुनः निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक ने बताया कि मरम्मत कार्य के दौरान महत्वपूर्ण तकनीकी चरण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है और वर्तमान में नाले में पाइप डालने का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दो दिनों में कार्य पूर्ण होने के बाद नाले का संचालन पुनः सुचारु रूप से शुरू हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि नाले की मरम्मत पूरी होने से क्षेत्र में गंदे पानी और सीवर निकासी की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी तथा जलभराव की स्थिति में भी सुधार होगा।
निरीक्षण के दौरान विधायक अमिताभ बाजपेई ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरम्मत कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए। साथ ही उन्होंने आसपास के प्रभावित परिवारों की सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को भी कहा।
स्थानीय नागरिकों ने भी कार्य में तेजी आने पर संतोष व्यक्त करते हुए जल्द समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद जताई है।


