
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश
- मनीष कुमार
कानपुर नगर। शारदीय नवरात्रि पर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कानपुर पुलिस सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बारादेवी मंदिर और जंगली देवी मंदिर परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान DCP दक्षिण ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने ड्यूटी चार्ट की जांच कर पुलिसकर्मियों की तैनाती और निर्धारित ड्यूटी पॉइंट्स की जानकारी प्राप्त की। साथ ही विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता, मुस्तैदी और कर्तव्य निर्वहन की स्थिति का भी जायजा लिया।
पुलिस उपायुक्त ने ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। मंदिरों में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
उन्होंने मंदिर परिसरों, प्रवेश एवं निकास मार्गों और श्रद्धालुओं की अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही भीड़ का सुचारु प्रबंधन सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
DCP दक्षिण ने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्धारित ड्यूटी पॉइंट्स पर पुलिस बल की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में प्रभावी पुलिस व्यवस्था बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य नवरात्रि पर्व के दौरान मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।


