HomeNEWSपंकज चौधरी के स्वागत को ऐतिहासिक बनाने में जुटी भाजपा, एचबीटीयू परिसर...

पंकज चौधरी के स्वागत को ऐतिहासिक बनाने में जुटी भाजपा, एचबीटीयू परिसर में होगी बैठक

  • दिव्या पाण्डेय

कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री पंकज चौधरी के 16 जनवरी को कानपुर आगमन एवं एचबीटीयू परिसर में प्रस्तावित विशाल बैठक को लेकर तैयारियाँ तेज हो गई हैं। कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए पार्टी संगठन पूरी तरह सक्रिय हो गया है।

इसी क्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री प्रकाश पाल एवं जिला अध्यक्ष श्री अनिल दीक्षित ने एचबीटीयू परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के पश्चात स्वागत कार्यक्रम एवं बैठक की रूपरेखा को अंतिम रूप देने हेतु एक आवश्यक बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें व्यवस्था से जुड़े भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री प्रकाश पाल ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को कानपुर में ऐतिहासिक और स्मरणीय बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जाजमऊ से एचबीटीयू तक स्वागत मार्ग पर सभी प्रमुख चौराहों पर भारत के महापुरुषों के नाम से भव्य तोरण द्वार लगाए जाएंगे। स्वागत मार्ग को पूरी तरह भगवामय किया जाएगा, जिससे भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और गौरवशाली परंपराओं का संदेश जन-जन तक पहुंचे।

उन्होंने जानकारी दी कि सभी सांसद एवं विधायक अपने-अपने निर्धारित स्वागत बिंदुओं पर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करेंगे। इसके साथ ही 15 जनवरी को शहर में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जो स्वच्छ भारत मिशन की भावना के अनुरूप होगा।

जिला अध्यक्ष श्री अनिल दीक्षित ने बताया कि बैठक में हजारों कार्यकर्ताओं की सहभागिता अपेक्षित है। इसके लिए बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों के निर्वहन का आह्वान किया।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी श्री अनुराग शर्मा ने बताया कि बैठक को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेदारियों का विभाजन कर दिया गया है। बैठक में अनीता गुप्ता, सुनील तिवारी, शिवांग मिश्रा, सीमा (एमबीए), रोहित साहू, सरोज सिंह, विधि राजपाल, सुनीता गौड़ सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को भव्य, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।


RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments