NEWS

पंजाब बाढ़ राहत: PMमोदी ने 1,600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता की घोषणा

  • सोनाली सिंह

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाढ़ प्रभावित पंजाब के लिए 1,600 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने का ऐलान किया है। यह राशि पहले से राज्य को आवंटित 12,000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त होगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की दूसरी किस्त और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की सहायता अग्रिम रूप से जारी की जाएगी।

राहत और पुनर्निर्माण की योजना

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, प्रभावित इलाकों में बहुआयामी राहत कार्य किए जाएंगे। इसमें शामिल हैं—

  • प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घरों का पुनर्निर्माण
  • क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय राजमार्गों और स्कूलों की मरम्मत
  • प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से वित्तीय मदद
  • पशुपालकों को मिनी किट का वितरण

कृषि क्षेत्र को भी विशेष सहयोग मिलेगा। जिन किसानों के बोर पंप बाढ़ से क्षतिग्रस्त या गाद से भर गए हैं, उन्हें राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत मदद मिलेगी। डीजल पंप वाले किसानों को सौर ऊर्जा से जोड़ने और “प्रति बूंद अधिक फसल” योजना के तहत माइक्रो-इरिगेशन की सुविधा भी दी जाएगी।

शिक्षा और जल संचयन पर फोकस

ग्रामीण क्षेत्रों के प्रभावित परिवारों को विशेष परियोजना के तहत आवासीय सहायता दी जाएगी। वहीं, बाढ़ से क्षतिग्रस्त सरकारी स्कूलों की मरम्मत समग्र शिक्षा अभियान से होगी।
जल संचय जनभागीदारी कार्यक्रम के तहत पंजाब में नई पुनर्भरण संरचनाओं का निर्माण और पुरानी संरचनाओं की मरम्मत कराई जाएगी, ताकि दीर्घकालिक जल स्थिरता सुनिश्चित हो सके।

केंद्र की निगरानी

बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र ने अंतर-मंत्रालयी दल को पंजाब भेजा है। दल की विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर आगे की वित्तीय मदद का फैसला लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button