बृजेंद्र स्वरूप पार्क में आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवा के कार्यों की हुई सराहना
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। व्यस्त जीवनशैली के बीच जहां अधिकांश लोग अपने कार्यों तक सीमित रहते हैं, वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो समाज और जीव-जंतुओं की सेवा के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। ऐसे ही सेवाभावी व्यक्तित्व संजीव दीक्षित को पशु-पक्षियों की सेवा के लिए न्यू कानपुर यूथ क्लब द्वारा प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया।
कानपुर एक्सपो स्थित बृजेंद्र स्वरूप पार्क में आयोजित कार्यक्रम में न्यू कानपुर यूथ क्लब के पदाधिकारियों ने संजीव दीक्षित के कार्यों की सराहना की। क्लब के अध्यक्ष आमिर सिद्दीकी, महामंत्री विक्रम पांडे सहित अन्य सदस्यों एवं व्यापारियों ने उन्हें सम्मानित कर हौसला बढ़ाया।

बताया गया कि संजीव दीक्षित वीवीआईपी सुरक्षा में अयोध्या, गोरखपुर, बनारस और प्रयागराज सहित कई जनपदों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके साथ ही वह लंबे समय से पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने की मुहिम चला रहे हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर कानपुर व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय टंडन एवं महामंत्री पुष्पेंद्र जायसवाल ने कहा कि संजीव दीक्षित अपने प्रशासनिक दायित्वों के साथ-साथ जनहित के कार्यों को भी पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं, जो निश्चित ही सराहनीय है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके कार्यों की प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणा बताया।


