सोशल मीडिया के जरिए स्लीपर सेल तैयार करने और संवेदनशील स्थलों की रेकी का आरोप, अब तक 17 गिरफ्तार
- अनुराधा सिंह
लखनऊ/बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट से जुड़े कथित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलंदशहर जनपद से दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एटीएस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी इस नेटवर्क से जुड़े हुए थे और सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को जोड़ने का प्रयास कर रहे थे।
एटीएस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार दोनों आरोपियों को 17 जून 2026 को बुलंदशहर से गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसी का दावा है कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए स्लीपर सेल तैयार करने, भय और आतंक का माहौल उत्पन्न करने तथा संवेदनशील स्थलों की रेकी जैसी गतिविधियों में संलिप्त थे।
एटीएस के अनुसार इस प्रकरण में पूर्व में पांच अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं और अब तक कुल 15 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी थी। ताजा कार्रवाई के बाद गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है।
जांच एजेंसी का कहना है कि नेटवर्क की गतिविधियों, उसके संपर्क सूत्रों तथा संभावित सहयोगियों के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इस संबंध में अमिताभ यश ने बताया कि उत्तर प्रदेश एटीएस संगठित आतंकी एवं राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे नेटवर्क के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
एटीएस की इस कार्रवाई को राज्य में आतंकी गतिविधियों और संगठित अपराध से जुड़े नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार के रूप में देखा जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।


