पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने थाना चकेरी का किया निरीक्षण, कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने के दिए निर्देश

- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। दिनांक 31 जनवरी 2026 को पुलिस आयुक्त कानपुर नगर श्री रघुबीर लाल द्वारा थाना चकेरी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साइबर डेस्क, सीसीटीएनएस (CCTNS) कार्यालय सहित सम्पूर्ण थाना परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पुलिस आयुक्त महोदय ने निरीक्षण के दौरान अभिलेखों, लंबित प्रकरणों तथा प्राप्त साइबर शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाई जाए तथा प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

महोदय ने पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाने पर विशेष बल देते हुए कहा कि साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने थाना स्तर पर बेहतर समन्वय, रिकॉर्ड संधारण एवं तकनीकी संसाधनों के समुचित उपयोग के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।



