HomeNEWSरामनवमी पर अयोध्या में अलौकिक दृश्य: श्री रामलला का दिव्य सूर्य तिलक,...

रामनवमी पर अयोध्या में अलौकिक दृश्य: श्री रामलला का दिव्य सूर्य तिलक, पांच मिनट तक दमका ललाट

ठीक दोपहर 12 बजे सूर्य की किरणों से हुआ तिलक, भक्ति और उल्लास में डूबी रामनगरी

  • दिवाकर गुप्ता

अयोध्या। चैत्र रामनवमी के पावन अवसर पर रामनगरी अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्री रामलला का दिव्य एवं अलौकिक सूर्य तिलक किया गया। इस अद्भुत दृश्य ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया और रामजन्मोत्सव के मौके पर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

सुबह से आसमान में बादल छाए रहने के बावजूद ठीक 11:50 बजे सूर्यदेव के दर्शन हुए और दोपहर 12 बजे से अगले पांच मिनट तक सूर्य की किरणें सीधे रामलला के ललाट पर पड़ीं, जिससे उनका मुखमंडल दिव्य आभा से आलोकित हो उठा। इस अलौकिक क्षण ने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

भक्ति, संगीत और उल्लास में डूबी रामनगरी

रामलला एवं राम परिवार के समक्ष बधाई गीतों का आयोजन किया गया। इस दौरान भक्त, साधु-संत, ट्रस्ट सदस्य एवं विभिन्न कार्यदायी एजेंसियों के कर्मी नृत्य और संगीत के साथ उत्सव में सराबोर नजर आए। पूरे परिसर में हर्षोल्लास का माहौल रहा।

श्रद्धालुओं के लिए व्यापक व्यवस्थाएं, एलईडी स्क्रीन से दर्शन

रामजन्मोत्सव के हर पल को दर्शनार्थियों तक पहुंचाने के लिए जगह-जगह एलईडी स्क्रीन लगाई गईं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे और इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।

भव्य राम मंदिर में तीसरा जन्मोत्सव, सजी रामनगरी

चैत्र शुक्ल नवमी संवत 2083 (27 मार्च) को भव्य राम मंदिर में रामलला का तीसरा जन्मोत्सव मनाया गया। पूरे धाम को आकर्षक ढंग से सजाया गया और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए। इस अवसर पर अयोध्या का वातावरण श्रद्धा, आस्था और उत्साह से ओत-प्रोत नजर आया।

अयोध्या में रामलला का सूर्य तिलक, पीएम मोदी ने किया दर्शन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला का सूर्य तिलक देखा। इस दौरान उन्होंने प्रभु श्री राम से देशवासियों के लिए आशीर्वाद की कामना की।

सूर्य तिलक का दिव्य दृश्य

प्रधानमंत्री ने रामनवमी के पावन अवसर पर मंदिर में आयोजित सूर्य तिलक संस्कार का अवलोकन किया। इस विशेष अनुष्ठान में सूर्य की किरणें सीधे भगवान राम के मस्तक पर पड़ती हैं, जो श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत आस्था का विषय है।

‘प्रभु श्री राम का आशीर्वाद बना रहे’

पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आज सुबह अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में सूर्य तिलक संस्कार हुआ। प्रभु श्रीराम की कृपा हम सभी पर सदैव बनी रहे।” (इनपुट: पीआईबी)

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments