HomeNEWSपुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के प्रथम दिवस डीसीपी पूर्वी ने परीक्षा केंद्रों...

पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के प्रथम दिवस डीसीपी पूर्वी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी एवं यातायात व्यवस्थाओं का लिया जायजा, निष्पक्ष परीक्षा संचालन के दिए निर्देश

  • ऋषभ कुमार

कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा आयोजित पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 के प्रथम दिवस की प्रथम पाली के दौरान पुलिस उपायुक्त पूर्वी श्री सत्यजीत गुप्ता ने पूर्वी जोन के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर की गई तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीसीपी पूर्वी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा संचालन में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की और परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है तथा सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं पहचान सत्यापन की प्रक्रिया भी निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित की जा रही थी। वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए थे।

सत्यजीत गुप्ता ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता, निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अनियमितता या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कानपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा परीक्षा के सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं निर्बाध संचालन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सभी परीक्षा केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता एवं सुरक्षा के साथ संपन्न हो सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments