
साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा; लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने थाना हरवंशमोहाल का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार और महिला हेल्प डेस्क सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त ने थाने में रखे अभिलेखों और रजिस्टरों के व्यवस्थित रखरखाव पर विशेष जोर दिया। उन्होंने रोजनामचा, विवेचना रजिस्टर, मालखाना सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का नियमित रूप से सही ढंग से संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने थाने में अपनी शिकायत लेकर आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील और व्यावसायिक व्यवहार करने को कहा। साथ ही लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए, ताकि पीड़ितों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
पुलिस उपायुक्त ने महिला हेल्प डेस्क को सक्रिय और संवेदनशील तरीके से संचालित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने महिला संबंधी शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में साफ-सफाई और अनुशासन बनाए रखने के साथ-साथ वांछित अपराधियों एवं गैर-जमानती वारंट (NBW) की तामीली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। शस्त्रागार और हवालात का नियमित निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
इसके अलावा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और स्थानों की नियमित चेकिंग करने तथा आवश्यकता के अनुसार विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस उपायुक्त ने थाना स्टाफ को निर्देशित किया कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।


