
पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मानवता और जनसेवा के प्रति जताई प्रतिबद्धता, रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। पुलिस कार्यालय, कानपुर नगर में सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान किया और मानवता एवं जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
रक्तदान शिविर के दौरान पुलिसकर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त कानपुर नगर रघुबीर लाल, अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा तथा अपर पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय संकल्प शर्मा ने रक्तदान करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया।

अधिकारियों ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनके सेवा भाव की सराहना करते हुए मनोबल बढ़ाया। शिविर के माध्यम से पुलिस विभाग की ओर से रक्तदान जैसे मानवीय कार्यों के प्रति जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में स्वैच्छिक रक्तदान करने वाले पुलिसकर्मियों ने भी अन्य लोगों को जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करना तथा समाज में नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।


