HomeNEWSपुलिस की पाठशाला में शिक्षक हुए जागरूक, साइबर क्राइम व मिशन शक्ति...

पुलिस की पाठशाला में शिक्षक हुए जागरूक, साइबर क्राइम व मिशन शक्ति पर कार्यशाला

  • विशाल कुमार

उन्नाव। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से डाइट प्रेक्षागृह में “पुलिस की पाठशाला” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यशाला में साइबर क्राइम के प्रति जागरूकता और मिशन शक्ति फेज-5 की महत्ता पर विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में डाइट प्रशिक्षुओं तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

क्षेत्राधिकारी नगर विनी सिंह ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और वीमेन पावर हेल्पलाइन 1090 के उपयोग पर बल देते हुए साइबर अपराध और महिला उत्पीड़न से बचाव के उपाय बताए। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर चंद्रकांत मिश्रा ने सोशल मीडिया के दुष्परिणामों से सचेत करते हुए बच्चों और शिक्षकों को साइबर जाल में न फंसने की सलाह दी।

महिला थाना प्रभारी रेखा सिंह ने फेक कॉल के जरिए होने वाले डिजिटल अरेस्ट से बचने के तरीके समझाए, जबकि महिला आरक्षी सोनिया शर्मा ने संदिग्ध डॉट एपीके फाइल और ई-चालान संबंधी फाइल डाउनलोड न करने की हिदायत दी। साइबर वॉलंटियर्स आलोक अवस्थी, समन आफरीन, डॉ. रूपेश और ग्राम प्रधान अमरेश ने भी सोशल मीडिया पर अपरिचित लोगों को न जोड़ने और ओटीपी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी।

कार्यक्रम के संयोजक परिवार परामर्श केंद्र के सलाहकार मंडल प्रभारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव और वरिष्ठ सलाहकार डॉ. मनीष सिंह सेंगर ने कहा कि जनजागरूकता से ही साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है और यह अभियान साइबर अपराध मुक्त प्रदेश के लक्ष्य में सहायक बनेगा।

डाइट प्राचार्या अमिता सिंह, प्रवक्ता शिल्पा, प्रशिक्षक शशांक चौहान, दिनेश और हर्ष सहित अन्य ने ऐसे जनोपयोगी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई। अंत में उपनिरीक्षक कंचन सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आरक्षी नासिर, सोनू चौहान तथा महिला आरक्षी ज्योति, स्वाती और सिमरन उपस्थित रहीं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments