
‘ट्री मैन’ अनूप मिश्रा ने बच्चों के साथ पेड़-पौधों को बांधी राखी, दिलाया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
- गौरव मिश्रा
उन्नाव। रक्षाबंधन के अवसर पर पेड़-पौधों की रक्षा के लिए अनूठी पहल करते हुए ‘ट्री मैन’ के नाम से मशहूर पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी अनूप मिश्रा की वृक्ष संरक्षण मुहिम के तहत रिजर्व पुलिस लाइन स्थित प्राथमिक विद्यालय में वृक्ष रक्षा बंधन उत्सव मनाया गया।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक अनूप मिश्रा ने अपनी पत्नी सब इंस्पेक्टर रीना पाण्डेय, विद्यालय प्रभारी नुपुर श्रीवास्तव और बच्चों के साथ विद्यालय परिसर में लगे पेड़-पौधों को राखी बांधी। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को वृक्षों की रक्षा और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प दिलाया गया।
अनूप मिश्रा ने बच्चों को पेड़-पौधों के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण के लिए जागरूक किया। वहीं, पुलिस दंपति अनूप मिश्रा एवं रीना पाण्डेय ने बच्चों को चॉकलेट और मिठाई भी वितरित की।
100 से अधिक स्कूल और एक लाख से ज्यादा लोग जुड़े
अभियान संयोजक अनूप मिश्रा ने बताया कि उनकी इस मुहिम से अब तक जनपद के 100 से अधिक सरकारी स्कूलों और एक लाख से अधिक लोगों को सोशल मीडिया के माध्यम से जोड़ा जा चुका है। लोगों को व्हाट्सऐप संदेशों के जरिए रक्षाबंधन को पर्यावरण रक्षा उत्सव के रूप में मनाने और पेड़-पौधों की सुरक्षा का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
एक लाख से अधिक पौधे लगाने का दावा
उपनिरीक्षक अनूप मिश्रा ‘ट्री मैन’ के नाम से भी पहचाने जाते हैं। उनके अनुसार, वह अब तक एक लाख से अधिक पौधे लगा चुके हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर सरकारी स्कूल में आयोजित वृक्ष रक्षाबंधन उत्सव को इसी पर्यावरण संरक्षण अभियान की अनूठी कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।


