सहजशक्ति फाउंडेशन की पहल, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और संतुलित आहार के प्रति महिलाओं एवं बच्चों को किया जागरूक
- श्वेता मिश्रा
बादशाहपुर। पोषण माह के अवसर पर सहजशक्ति फाउंडेशन की ओर से बादशाहपुर स्थित संचालिका ब्रह्मदेवी के आंगनवाड़ी केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को पोषण, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में समाजसेवी रिचा पाठक के साथ सहजशक्ति फाउंडेशन की संस्थापिका मीनाक्षी रंजन, कविता मुंजाल एवं अनु सहदेव उपस्थित रहीं। इस दौरान बच्चों और महिलाओं को आवश्यक विटामिन, संतुलित आहार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए आवश्यक पोषक तत्वों के बारे में भी जागरूक किया गया। महिलाओं को दैनिक आहार में पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने और संतुलित भोजन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान उचित पोषण, स्वास्थ्य और देखभाल के महत्व के बारे में बताया गया। इस अवसर पर जरूरतमंद गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की गई और उन्हें कपड़े, फल, मिठाई, सब्जियां एवं आवश्यक राशन सामग्री प्रदान की गई।
पोषण सामग्री वितरण में निधि धीमन, शैफाली श्रीवास्तव, अलका त्यागी, संतोष सिंह और अंजलि जैन का सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बच्चों को गुड़-चना और केले भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ब्रह्मदेवी, हेल्पर ज्योति, सुनीता, आशा वर्कर, निर्मल, नीलम सहित अन्य आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं हेल्पर मौजूद रहे।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पोषण सामग्री का वितरण करना नहीं, बल्कि माताओं, बच्चों और परिवारों को पोषण के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से समुदाय की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
सहजशक्ति फाउंडेशन की ओर से कहा गया कि संस्था का प्रयास है कि हर मां स्वस्थ हो, हर बच्चा सुपोषित हो और प्रत्येक परिवार पोषण के महत्व को समझे। कार्यक्रम के दौरान ‘पोषण है अधिकार, स्वस्थ जीवन है आधार’ का संदेश भी दिया गया।


