HomeNEWSप्राकृतिक खेती अपनाकर किसान बनें आत्मनिर्भर : मंत्री जयवीर सिंह

प्राकृतिक खेती अपनाकर किसान बनें आत्मनिर्भर : मंत्री जयवीर सिंह

फर्रुखाबाद में प्राकृतिक खेती कार्यशाला एवं विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन, किसानों को दी गई आधुनिक कृषि और सरकारी योजनाओं की जानकारी

  • कृष्णा कुमार

फर्रुखाबाद। कमालगंज विकास खंड क्षेत्र के भोजपुर बघार के किसानों के लिए शुक्रवार को मधुवन रिसॉर्ट, कमालगंज रोड स्थित सभागार में प्राकृतिक खेती कार्यशाला एवं विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद मंत्री जयवीर सिंह ने प्राकृतिक खेती से संबंधित विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों द्वारा प्रदर्शित प्राकृतिक कृषि उत्पादों, जैविक खाद, उन्नत बीजों, कृषि उपकरणों एवं कृषि नवाचारों का निरीक्षण करते हुए उनकी सराहना की।

किसानों को संबोधित करते हुए मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्राकृतिक खेती वर्तमान समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि रासायनिक खेती की तुलना में प्राकृतिक खेती पर्यावरण के लिए अधिक लाभकारी है तथा इससे किसानों की उत्पादन लागत में कमी आती है। साथ ही भूमि की उर्वरा शक्ति भी लंबे समय तक सुरक्षित रहती है।

उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे कृषि क्षेत्र अधिक टिकाऊ और लाभकारी बनेगा। मंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है और किसान समृद्ध होंगे तभी देश भी तेजी से विकास करेगा।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने किसानों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन किसानों की आय बढ़ाने और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। किसानों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने उपस्थित लोगों को सामाजिक जागरूकता एवं कानून व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। वहीं विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के तहत केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों और किसानों को दी गई।

कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, किसानों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। अंत में मंत्री जयवीर सिंह ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने तथा सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर कृषि क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments