इटावा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नकदी, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और एटीएम कार्ड बरामद
- अभिषेक कुमार
इटावा। धोखाधड़ी और साइबर अपराध के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत इटावा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फर्जी क्राइम ब्रांच एवं साइबर सेल अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24,800 रुपये नकद, 09 मोबाइल फोन, 15 सिम कार्ड तथा 05 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी विभिन्न सिम कार्डों का उपयोग कर देश के अलग-अलग राज्यों के लोगों को फोन करते थे और स्वयं को क्राइम ब्रांच या साइबर सेल का अधिकारी बताकर उनसे संपर्क करते थे। इसके बाद वे लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाने और गिरफ्तारी की धमकी देकर भय का माहौल बनाते थे।
आरोपी इंटरनेट पर अश्लील अथवा प्रतिबंधित सामग्री देखने का आरोप लगाकर लोगों को डराते थे और कार्रवाई से बचाने के नाम पर धनराशि की मांग करते थे। भयभीत होकर कई लोग उनके द्वारा बताए गए बैंक खातों अथवा यूपीआई आईडी पर रुपये भेज देते थे, जिसके माध्यम से यह गिरोह साइबर ठगी को अंजाम देता था।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि ठगी से प्राप्त धनराशि को आरोपी विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से निकालकर आपस में बांट लेते थे। पुलिस की निगरानी से बचने के लिए वे लगातार अपने मोबाइल नंबर और सिम कार्ड बदलते रहते थे तथा अलग-अलग स्थानों से वारदातों को अंजाम देते थे।
इटावा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों और साइबर नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा स्वयं को पुलिस, क्राइम ब्रांच या साइबर सेल का अधिकारी बताकर फोन पर धनराशि की मांग किए जाने पर तत्काल उसकी सत्यता की जांच करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध कॉल की सूचना साइबर हेल्पलाइन 1930 या स्थानीय पुलिस को दें।


