HomeNEWSबिल्हौर में कांग्रेस की कार्यकर्ता संवाद बैठक, संविधान और जनहितकारी कानूनों पर...

बिल्हौर में कांग्रेस की कार्यकर्ता संवाद बैठक, संविधान और जनहितकारी कानूनों पर चर्चा

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव जगदीश चंद्र जांगिड़ ने बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और जनहितकारी कानूनों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर दिया जोर

  • अजय सिंह

कानपुर नगर (बिल्हौर)। बिल्हौर विधानसभा मुख्यालय के सुभानपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी ऊषा रानी कोरी के संयोजन में कार्यकर्ता संवाद बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला एडवोकेट ने की। कार्यक्रम में राजस्थान के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव जगदीश चंद्र जांगिड़ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

बैठक में कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए जगदीश चंद्र जांगिड़ ने कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आमजन से लगातार संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुनने और उन्हें संगठन के माध्यम से उठाने की अपील की।

मनरेगा, RTI और खाद्य सुरक्षा कानूनों की दी जानकारी

जांगिड़ ने कांग्रेस नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान बनाए गए विभिन्न जनहितकारी कानूनों और अधिकार आधारित व्यवस्थाओं का उल्लेख किया। उन्होंने मनरेगा, सूचना का अधिकार (RTI), भूमि अधिग्रहण कानून-2013 और खाद्य सुरक्षा कानून को लेकर कार्यकर्ताओं को जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि इन कानूनों से ग्रामीणों, किसानों, गरीबों और आम नागरिकों के अधिकारों को मजबूत करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन कानूनों और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।

महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी बैठक में चर्चा हुई। जांगिड़ ने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लंबे समय से उठाती रही है।

सरकार की नीतियों पर जिलाध्यक्ष ने साधा निशाना

बैठक की अध्यक्षता कर रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार की नीतियों को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों का उल्लेख किया और कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।

उन्होंने संवाद बैठक के आयोजन के लिए ऊषा रानी कोरी को बधाई एवं धन्यवाद दिया।

गांव और बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

ऊषा रानी कोरी ने बैठक में शामिल सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच सक्रिय रहने की अपील की।

बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ गयाप्रसाद कटियार, महेंद्र सिंह कटियार, ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र द्विवेदी, आनंद तिवारी, नरेंद्र चंचल कुशवाहा, आनंद प्रकाश वर्मा, संजीव वर्मा, प्रभात मिश्र, प्यारेलाल कमल, मोहनीश कर गौतम, तुफैल अहमद खान, मदन पाल, सुदामा कुरील, अश्वनी अवस्थी, जावेद खान इदरीसी और शोएब जाफरी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

महिला कार्यकर्ताओं में नीलम दीवाकर, सीता कटियार, शशि यादव, मायादेवी कमल, राम मुन्नी, विजय लक्ष्मी और अनीता कमल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments