
आम आदमी पार्टी और ‘सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन’ के संयुक्त आयोजन में युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, नगर अध्यक्ष मोहम्मद इमरान खान ने किया 24वां रक्तदान
- निखिल गुप्ता
फतेहपुर। अमर शहीद भगत सिंह की जयंती के अवसर पर आम आदमी पार्टी, फतेहपुर और ‘सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन’ के संयुक्त तत्वावधान में मानस रक्तकेंद्र में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 8 युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाजसेवा का संदेश दिया।
शिविर में आम आदमी पार्टी फतेहपुर के नगर अध्यक्ष मोहम्मद इमरान खान ने अपना 24वां रक्तदान किया। उन्होंने युवाओं से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। उनके साथ शुभम, शिवम साहू, सत्यम अवस्थी, आशीष तिवारी, संदीप गुप्ता, पंकज सिंह और शिव सोनी ने भी रक्तदान किया।

रक्तदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद आम आदमी पार्टी के प्रांतीय उपाध्यक्ष श्रीराम पटेल, जिलाध्यक्ष राम किशोर विश्वकर्मा और मानस रक्तकेंद्र के डॉ. कैलाश पटेल ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रांतीय उपाध्यक्ष श्रीराम पटेल और जिलाध्यक्ष राम किशोर विश्वकर्मा ने शहीद भगत सिंह के विचारों को याद करते हुए कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है और रक्तदान जरूरतमंद लोगों के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आम आदमी पार्टी फतेहपुर इकाई के मनोज पाल, राहुल द्विवेदी और नजराना शाह तथा ‘सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन’ के गुरमीत सिंह का सहयोग रहा। वहीं, मानस रक्तकेंद्र की ओर से डॉ. कैलाश पटेल, रक्तकेंद्र प्रभारी अमन यादव, लैब टेक्नीशियन अनामिका पाल और लैब सहायक प्रीति ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।


