
महाराजगंज में पूजा-अर्चना के साथ हुआ फिल्म का मुहूर्त, अभिलाषा फिल्म्स के बैनर तले बन रही फिल्म में शीतल गुप्ता समेत कई कलाकार निभाएंगे अहम भूमिका।
- रोशनी सिंह
भदोही। भोजपुरी सिनेमा के दर्शकों के लिए नई फिल्म ‘पाई पाई का प्यार’ की शूटिंग शुरू हो गई है। अभिलाषा फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म की शुरुआत भदोही जिले के महाराजगंज क्षेत्र में विधिवत पूजा-अर्चना और मुहूर्त के साथ की गई। फिल्म में अभिनेता राहुल सिंह और अभिनेत्री रेशमा शेख मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। दोनों की जोड़ी एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है।
फिल्म का निर्माण संजय के रावल कर रहे हैं, जबकि नीलम रावल सह-निर्मात्री की जिम्मेदारी निभा रही हैं। फिल्म की शूटिंग महाराजगंज और भदोही के विभिन्न क्षेत्रों में की जाएगी। फिल्म में अभिनेत्री शीतल गुप्ता भी अहम भूमिका में दिखाई देंगी। शूटिंग शुरू होने के साथ ही स्थानीय लोगों में फिल्म और कलाकारों को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है।
निर्माता संजय के रावल और सह-निर्मात्री नीलम रावल ने बताया कि ‘पाई पाई का प्यार’ पारिवारिक और सामाजिक ताने-बाने पर आधारित फिल्म है। इसमें दर्शकों को मनोरंजन के साथ एक सार्थक संदेश भी देखने को मिलेगा। फिल्म की कहानी और पटकथा अंकित सिंह पटेल ने लिखी है, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी सत्या सिंह संभाल रहे हैं। फिल्म का संगीत अभिषेक चौधरी तैयार कर रहे हैं।
फिल्म में राहुल सिंह, रेशमा शेख और शीतल गुप्ता के अलावा अशोक गुप्ता, संगीता राय, अखिलेश यादव और धर्मेंद्र श्रीवास्तव सहित कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी को प्रभावशाली बनाने के लिए कलाकारों और तकनीकी टीम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
फिल्म की तकनीकी टीम में डीओपी नीरज त्रिपाठी, डांस मास्टर अशोक मैती, आर्ट डायरेक्टर डब्लू बिहारी, अनिल कुमार, डीपी कार्तिक चुग, प्रोडक्शन कंट्रोलर सागर पांडेय और प्रोडक्शन मैनेजर रोहित पांडेय शामिल हैं। इसके अलावा ड्रेस मैन विवेक पटेल, मेकअप टीम, हेयर आर्टिस्ट और लाइटिंग व कैमरा विभाग के सदस्य भी फिल्म को बेहतर बनाने में जुटे हैं।
भदोही और आसपास के क्षेत्रों में फिल्म की शूटिंग होने से स्थानीय स्तर पर भी उत्साह का माहौल है। भोजपुरी सिनेमा के प्रशंसकों को उम्मीद है कि राहुल सिंह और रेशमा शेख की जोड़ी अपनी अदाकारी से दर्शकों का मनोरंजन करेगी। पारिवारिक कहानी, सामाजिक संदेश और अनुभवी कलाकारों से सजी इस फिल्म को लेकर अब दर्शकों को इसके प्रदर्शन का इंतजार रहेगा।


